- आपदा में सेवा के लिए होगी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
- “25वें उन्नत भारत सेवाश्री सम्मान 2025” में ‘यूथ आइकॉन्स’
श्रीनगर (गढ़वाल), 08 जुलाई 2025 — उत्तराखंड की बेटी और वीसीएसजी राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, श्रीनगर (गढ़वाल) की युवा चिकित्सक डॉ. किरन विश्कर्मा को एक बड़े राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाएगा। उन्हें 25वें उन्नत भारत सेवाश्री सम्मान 2025 (25th Unnat Bharat Sewashree Awards 2025) में ‘यूथ आइकॉन्स’ श्रेणी के तहत अगस्त माह में दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. किरन ने 2024–25 के दौरान आपदा प्रबंधन और आपात चिकित्सा सेवा में उल्लेखनीय कार्य किया। विशेष रूप से 12 जनवरी 2025 की पौड़ी बस दुर्घटना के दौरान उन्होंने दर्जनों घायलों की जान बचाई। एक जूनियर रेजिडेंट के रूप में उन्होंने कठिन हालातों में भी ऑर्थोपेडिक्स जैसे पुरुष-प्रधान विभाग में सेवा, नेतृत्व और समर्पण का ऐसा उदाहरण पेश किया, जो प्रेरणास्पद है।
इन राहत कार्यों में उनकी भूमिका प्रो. डॉ. डी.के. टम्टा, विभागाध्यक्ष (ऑर्थोपेडिक्स) के निर्देशन में संचालित हुई। उन्होंने न सिर्फ तकनीकी योग्यता, बल्कि संवेदनशीलता और सेवा भावना से चिकित्सा सेवा की मिसाल कायम की।
राष्ट्रीय स्तर पर चयन
देशभर से प्राप्त सैकड़ों नामांकनों में से उन्नत भारत सेवाश्री राष्ट्रीय समिति ने डॉ. किरन का नाम चुना। समिति के संरक्षक पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा, न्यायमूर्ति कैलाश गंभीर, डॉ. एस.एम. रहेजा, डॉ. सुषमा नाथ और अखिल नाथ सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने सर्वसम्मति से चयन की घोषणा की।
सम्मान समारोह अगस्त 2025 में दिल्ली में होगा, जिसमें देशभर के 25 विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।