डोल आश्रम के पास हिलडाना रियल स्पाइस एंड फूड्स कंपनी में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लमगड़ा पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
लमगड़ा (अल्मोड़ा)। शनिवार रात करीब 12 बजे डोल आश्रम के पास स्थित हिलडाना रियल स्पाइस एंड फूड्स कंपनी में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री संचालक माया देवी पत्नी धन सिंह ने टिन की चटकने की आवाज सुनकर बाहर आकर देखा तो फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकल रहा था। उन्होंने तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही लमगड़ा पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर रवाना हुई। हालांकि, फायर टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।